Skip to main content

राजू और जादुई माचिस

राजू और चिंकी अच्छे दोस्त थे वह एक ही स्कूल में पढ़ा करते थे।

एक दिन स्कूल की छुट्टी हुई। सब बाहर जाने लगे। 

राजू परेशान सा दिख रहा था तो चिंकी ने कारण पूछा। राजू ने घबराते हुए बताया - “अगले हफ्ते से एग्जाम हैं, डर लग रहा है।” 

यह सुनकर चिंकी हंस पड़ी- “लगता है, तुम एग्जामोफोबिया के शिकार हो गए हो। मंथली टेस्ट में भी तुम ऐसे ही डरे हुए थे। मार्क्स तो अच्छे ही आए थे तुम्हारे। फिर डर कैसा?” 

रमेश ने चिढ़ाते हुए कहा, “यह ऐसा ही है। जब कभी हम स्कूल के लिए थोड़ा लेट हो जाते हैं, तब भी यह ऐसा ही घबरा जाता है। इसका कुछ नहीं हो सकता।” 

एक के बाद एक सारे दोस्त राजू को चिढ़ाने लगे, तो चिंकी ने बात बदलते हुए कहा, “बहुत हो गया। तुम सब इसे सपोर्ट करने की जगह इसका मजाक उड़ा रहे हो। अच्छे दोस्त ऐसा नहीं करते।” 

दूसरे दिन स्कूल में लंच ब्रेक हुआ, तो बच्चे मस्ती करने लगे। राजू चुपचाप एक कोने में अकेला बैठा था। चिंकी ने पूछा, तो राजू ने कहा, “एग्जाम डेट सुनने के बाद से मेरा तो खाने का मन ही नहीं है। मुझे तो आज रात नींद भी नहीं आएगी।” 

चिंकी पहले तो मुसकराई, फिर धीरे से बोली, “क्या तुम शाम को मेरे घर आना मेरे पास एक जादुई माचिस है।” 

राजू ने पूछा, “जादुई माचिस?”

चिंकी ने कहा, “हां! उसे मेरे पिताजी को उनके पिताजी ने दी थी। वह जादू करती है। लेकिन उस जादुई माचिस को भूलकर भी किसी को न दिखाना और न ही उसे खोलना। चुपचाप उसे अपने स्कूल बैग में रख लेना।” 

राजू मुसकरा उठा। खुशी से बोला, “चिंकी, तुम कितनी अच्छी हो। क्या वाकई उस जादुई माचिस से मेरी परेशानी दूर हो जाएगी?” 

चिंकी आंखें मटकाकर बोली, “यह तुम्हें जादुई माचिस रखने के बाद ही पता चलेगा।” 

राजू ने कहा, “ठीक है, मैं छुट्टी के बाद तुम्हारे साथ तुम्हारे घर चलूंगा।” 

तभी घंटी बजी, सब अपनी क्लास में चले गए। 

छुट्टी हुई, तो राजू चिंकी के साथ उसके घर चला आया। माचिस देते हुए चिंकी बोली, “मेरी बात तुम्हें याद है न? कल मुझे स्कूल में वापस कर देना।” राजू ने खुश होकर हां में सिर हिलाया। 

अगले दिन सुबह चिंकी स्कूल गेट पर खड़ी थी। तभी राजू दौड़ता हुआ आया और माचिस लौटाते हुए बोला, “कमाल हो गया, कल मैंने भरपेट डिनर भी किया और मुझे बढि़या नींद भी आई।” 

चिंकी ने माचिस बैग में रखते हुए कहा, “मैंने कहा था न, यह जादुई माचिस है। अब चलो।” दोनों क्लास की ओर चल पड़े। 

दो-तीन दिन सब ठीक रहा। फिर एक दिन राजू को परेशान देख, चिंकी ने पूछा, “अब क्या हुआ? तुम फिर परेशान हो क्या?” 

राजू ने धीरे से कहा, “क्या करूं? पहला ही पेपर मैथ्स का है। मैथ्स से मुझे बहुत डर लगता है।” 

चिंकी ने मुसकराते हुए कहा, “बस इतनी सी बात। घबराओ मत। सर कह रहे थे कि हमें यदि कोई परेशानी हो, तो हम उनसेे पूछ सकते हैं। वह हमारी सहायता करेंगे।” 

राजू ने कहा, “वह तो है। पर मैं ठीक से तैयारी नहीं कर पा रहा हूं। बस मैथ्स का पेपर किसी तरह से निपट जाए।” 

चिंकी ने कहा, “अब हो भी क्या सकता है? कल ही तो मैथ्स का पेपर है। तुम बस रिवीजन करो न।” 

राजू ने कहा, “हो क्यों नहीं सकता? मैं शाम को तुम्हारे घर आ रहा हूं। प्लीज। बस, आज रात के लिए मुझे वह जादुई माचिस और दे दो।” 

चिंकी ने धीरे से कहा, “ठीक है, लेकिन यह अंतिम बार है। वादा करो कि घर जाते ही खूब अभ्यास करोगे। एक-एक चैप्टर का रिवीजन करोगे?” 

राजू बोला, “अभ्यास तो मैं कर ही रहा हूं। लेकिन घबराहट है कि जा ही नहीं रही है।” 

शाम को राजू चिंकी के घर जाकर माचिस की डिबिया ले गया। सुबह वह फिर स्कूल पहुंचा, तो चिंकी उसे स्कूल गेट पर ही मिल गई। 


राजू बोला, “यह लो चिंकी। कमाल हो गया। मैंने देर रात तक रिवीजन किया। मैं सुबह जल्दी भी उठ गया। थैंक्स चिंकी।” 

दोनों क्लास की ओर चल पड़े। पेपर खत्म हुआ, तो चिंकी ने राजू से पूछा, “एग्जाम कैसा हुआ?” 

राजू मुसकराते हुए बोला, “बहुत अच्छा।” 

“अच्छा ही होना चाहिए। सभी एग्जाम की जमकर तैयारी करो। मैं भी कर रही हूं।” कहकर चिंकी घर चली गई। 

आखिरी पेपर देने के बाद राजू स्कूल गेट पर खड़ा था। चिंकी को देखकर वह बोला, “मैं आज शाम फिर तुम्हारे घर आ रहा हूं।” 

चिंकी हंस पड़ी, “क्यों? अब तो एग्जाम खत्म हो गए हैं।” 

राजू ने धीरे से कहा, “तीन दिन की छुट्टी है। फिर रिजल्ट भी तो है। मैं घबराया हुआ हूं। जादुई माचिस ही मुझे शांत रखेगी। प्लीज! मना मत करना। मैं उसे रिजल्ट के दिन वापस ले आऊंगा। इसके बाद फिर कभी नहीं मांगूगा।” 

चिंकी हंस पड़ी। राजू शाम को माचिस की डिबिया ले गया। तीन दिन बाद स्कूल खुला। राजू ने माचिस की डिबिया चिंकी को पकड़ा दी। चिंकी ने पूछा, “छुट्टियां कैसी रहीं?”

राजू ने जवाब दिया, “एकदम मस्त। तीन दिन की छुट्टियां चुटकियों में बीत गईं।” 

चिंकी ने माचिस की डिबिया बैग में रखते हुए कहा, “जल्दी चलो। लगता है, रिजल्ट एनाउंस होने लगे हैं।” 

दोनों ग्राउंड की ओर भागे। वहां दोनों एनाउंसमेंट में अपना नाम सुनकर ठिठक गए। चिंकी मुसकराई। कहने लगी, “राजू! सुना तुमने! टॉप टेन लिस्ट में तुम्हारा नाम भी पुकारा गया है।” 

राजू खुशी से उछल पड़ा। कहने लगा, “यह सब जादुई माचिस का कमाल है।”

चिंकी को जोर-जोर से हंसते देख राजू चुप हो गया। 

चिंकी ने कहा, “यह सिंपल माचिस थी। जादू कहीं नहीं होता। वह तो हमारे अंदर होता है। यदि तुम टॉप टेन में शामिल हुए हो, तो सिर्फ और सिर्फ अपनी मेहनत और लगन से।” 

राजू कुछ नहीं बोला। बस चुपचाप वह उस माचिस की डिबिया को देख रहा था, जिसे चिंकी टुकड़े-टुकड़े कर फेंक रही थी।

फिर दोनों खूब ठहाके मार के हंसने लगे।

राजू समझ गया था कि उसकी मेहनत से वह पास हुआ है। अब वह हमेशा अपने डर पे काबू पाना सीख गया था।

यह भी पढ़ें: 

सबसे बड़ा गरीब कौन?

बंदरों को भेड़चाल

दोस्तों हमें भी अपने अंदर आत्मविश्वास रखना चाहिए और खुद पर भरोसा रखना चाहिए। डर कि वजह से हम घबरा जाते हैं लेकिन अगर खुद पर भरोसा हो तो डर के आगे जीत मिल ही जाती है।

Comments

Popular posts from this blog

चीकू खरगोश की समझदारी

एक घने जंगल में कहीं दूर एक झील थी। उस झील के बारे में एक बात कही जाती थी की  शाम के बाद अगर कोई भी उस झील में पानी पिने के लिए जाता था तो  वो वापस नहीं आता था। इस वजह से वह झील खूनी झील के नाम से जानी जाती थी। एक दिन एक हिरण उस जंगल में रहने के लिए आया। उसकी मुलाकात जंगल में जग्गू बन्दर से हुई। जग्गू बन्दर ने चुन्नू हिरण को जंगल के बारे में सब बताया लेकिन उस झील के बारे में बताना भूल गया। जग्गू बन्दर ने दूसरे दिन चुन्नू हिरण को जंगल के सभी जानवरों से मिलाया। जंगल में चुन्नू हिरण का सबसे अच्छा दोस्त एक चीकू खरगोश बन गया। चुन्नू हिरण को जब ही प्यास लगती थी तो वह उस झील में पानी पिने जाता था। वह शाम को भी उसमें पानी पिने जाता था। एक शाम को वह उस झील में पानी पिने गया तो उसने उसमें बड़ी तेज़ी से अपनी और आता हुआ मगरमच्छ देख लिया। जिसे देखकर वह बड़ी तेज़ी से जंगल की तरफ भागने लगा। रास्ते में उसको जग्गू बन्दर मिल गया। जग्गू ने चुन्नू हिरण से इतनी तेज़ भागने का कारण पूछा। चुन्नू हिरण ने उसको सारी बात बताई। जग्गू बन्दर ने कहा की मै तुमको बताना भूल गया था की वह एक खुनी झील है। जिसमे जो...

दो सिर वाला पक्षी

एक बार की बात है, एक समय में एक विचित्र पक्षी रहता था। उसका शरीर एक ही था, लेकिन सिर दो थे। एक शरीर होने के बावजूद उसके दोनों सिरों में एकता नहीं थी और न ही तालमेल था।  वे एक दूसरे से बैर रखते थे। हर जीव सोचने समझने का काम दिमाग से करता ही हैं लेकिन दो सिर होने के कारण उसके दिमाग भी दो थे।  दोनों सर में से एक पूरब जाने की सोचता तो दूसरा पश्चिम। और होता यह था कि टांगें एक कदम पूरब की ओर चलती तो अगला कदम पश्चिम की ओर। वह स्वयं को वहीं खडा पाता था। उसका जीवन बस दो सिरों के बीच की लड़ाई बनकर रह गया था। एक दिन वह भोजन की तलाश में नदी तट पर धूम रहा था कि एक सिर को नीचे गिरा एक फल नजर आया। उसने चोंच मारकर उसे चखकर देखा तो जीभ चटकाने लगा “वाह! ऐसा स्वादिष्ट फल तो मैंने आज तक कभी नहीं खाया। भगवान ने दुनिया में क्या-क्या चीजें बनाई हैं।” “अच्छा! जरा मैं भी चखकर देखूं।” कहकर दूसरे ने अपनी चोंच उस फल की ओर बढाई ही थी कि पहले सिर ने झटककर दूसरे सिर को दूर फेंका और बोला “अपनी गंदी चोंच इस फल से दूर ही रख। यह फल मैंने पाया हैं और इसे मैं ही खाऊंगा।” “अरे! हम दोनों का शरीर तो एक ह...

कौवा और कबूतर

एक गांव में एक धनी व्यापारी रहा करता था। उसके घर में एक रसोई थी जिसमे एक कबूतर ने घोंसला बना रखा था ।  किसी दिन एक लालची कौवा वहां से जा रहा था। अचानक उसने देखा वहां रसोई में मछली है और यह देखकर उसके मुह में पानी आ गया।  तब उसके मन में विचार आया कि मुझे इस रसोघर में घुसना चाहिए लेकिन कैसे घुसू ये सोचकर वो परेशान था। तभी उसकी नजर वो कबूतरों के घोंसले पर पड़ी। उसने सोचा कि मैं अगर कबूतर से दोस्ती कर लूँ तो शायद मेरी बात बन जाएँ ।  कबूतर जब दाना चुगने के लिए बाहर निकलता है तो कौवा उसके साथ साथ निकलता है ।  थोड़ी देर बाद कबूतर ने पीछे मुड़कर देखता तो देखा कि कौवा उसके पीछे है। इस पर कबूतर ने कौवे से कहा - भाई तुम मेरे पीछे क्यों हो? इस पर कौवे ने कबूतर से कहा - तुम मुझे अच्छे लगते हो इसलिए मैं तुमसे दोस्ती करना चाहता हूँ। कबूतर ने कहा कि हम कैसे दोस्त बन सकते है? हमारा और तुम्हारा भोजन भी तो अलग अलग है। मैं बीज खाता हूँ और तुम कीड़े।  इस पर कौवे ने चापलूसी दिखाते हुए कहा - “कौनसी बड़ी बात है मेरे पास घर नहीं है इसलिए हम साथ साथ तो रह ही सकते है, है न? और साथ ही भोजन खोज...